Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

‘दीदी आप हारी नहीं हैं…’: प्रचंड बहुमत से बीजेपी की जीत के बाद ममता बनर्जी से मिले अखिलेश यादव, लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

Akhilesh Yadav Mamata Banerjee meeting_omdarpan news

कोलकाता (ओमदर्पण न्यूज़)।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों और चुनाव बाद भड़की हिंसा के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार (7 मई) को कोलकाता पहुंचकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की।

इस अहम मुलाकात के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “दीदी आप हारी नहीं हैं।” बैठक के दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश यादव का गले मिलकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

‘बीजेपी ने लोकतंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया’

इससे पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में जो कुछ भी हुआ है, वह लोकतंत्र को नष्ट करने का रास्ता है। लोकतंत्र को जितना नुकसान बीजेपी ने पहुंचाया है, उतना किसी और ने नहीं पहुंचाया होगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बंगाल में मतदान जरूर हुआ है, लेकिन लोगों ने अपनी इच्छा से कम और दबाव में ज्यादा वोट किया है।

‘बीजेपी की सामंती सोच, नारी का आगे बढ़ना खटकता है’

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की आंखों में ‘दीदी’ (ममता बनर्जी) इसलिए खटकती हैं क्योंकि वह आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी सामंती सोच की है। इनके संगी-साथी पुरुषवादी लोग हैं। यह लोग नारी को कभी बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते।”

चुनाव आयोग और संस्थाओं पर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने निष्पक्ष चुनाव कराने वाली संस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं का काम निष्पक्ष चुनाव कराना था, उन सभी ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश उपचुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी फोर्स लगाकर लोगों को वोट डालने से रोका गया था और अब बंगाल में डेमोक्रेसी को बर्बाद करने का तरीका निकाला गया है।

बंगाल चुनाव के नतीजे और भड़कती हिंसा

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी (TMC) 80 सीटों पर सिमट गई है। हालांकि, बीजेपी की इस बड़ी जीत के बावजूद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है।

इस बीच, चुनाव नतीजों के बाद पूरे बंगाल में हिंसा भड़क उठी है। राज्य के विभिन्न इलाकों से लगातार हिंसा और आगजनी की तस्वीरें सामने आ रही हैं। बुधवार (6 मई) को बीजेपी के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (पीए) की भी गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे राज्य का सियासी और जमीनी माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow