- गांव-गांव तक पहुंच रही सरकार, समस्याओं का हो रहा निराकरण: विधायक गुरु खुशवंत साहेब
- समयबद्ध प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रशासन प्रतिबद्धः कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह
- शिविर में 175 आवेदनों में से 127 का हुआ निराकरण
- किसानों को बीज का वितरण, मछुवारों को मछलीजाल एवं आइस बॉक्स वितरित

रायपुर/आरंग।
आरंग ब्लॉक के ग्राम बहनाकाड़ी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं को दर्ज कराया और कई मामलों का त्वरित निराकरण भी हुआ। आज शिविर में कुल 175 आवेदनों में से 127 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों का निराकरण शीघ्र ही किया जाएगा।
शिविर में आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी शिरकत की। इस अवसर पर किसानों को बीज का वितरण किया गया और मछुवारों को मछलीजाल एवं आइस बॉक्स भी प्रदान किए गए। विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि सरकार गांव-गांव तक पहुंच रही है ताकि लोगों की समस्याओं का निराकरण उनके घर पर ही हो सके। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से सुलझाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों ताकि उन्हें इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष क्रमांक 4 को कलेक्टर जनदर्शन कक्ष बनाया गया है, जहां निर्धारित जनदर्शन के अलावा किसी भी कार्यदिवस में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही जन समस्या निवारण कॉल सेंटर भी बनाया गया है, जो सातों दिन 24 घंटे संचालित होता है, जहां फोन कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समस्या के निराकरण के बाद हितग्राही को फोन कर जानकारी दी जाती है।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा, आरंग जनपद सीईओ लहरे समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।







