Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

सुशासन तिहार दुर्ग: शिविर में मौके पर ही बने ड्राइविंग लाइसेंस और विवाह प्रमाण पत्र

Sushasan Tihar Durg

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Sushasan Tihar Durg

दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।

नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी गंज मंडी में आयोजित ‘सुशासन तिहार‘ जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली। इस शिविर में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 982 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 772 मांग और 210 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। शिविर की सबसे खास बात यह रही कि कई नागरिकों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। त्वरित निराकरण के तहत 35 ड्राइविंग लाइसेंस, 2 श्रवण यंत्र, 4 राशन कार्ड, 3 विवाह प्रमाण पत्र और 1 जन्म प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर हितग्राहियों को सौंप दिए गए।


मंच से मिली पीएम आवास की चाबी

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के चेहरों पर तब खुशी छा गई, जब उन्हें मंच से ही स्वीकृति पत्र और उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 गर्भवती माताओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।


अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य

शिविर में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार इस वर्ष भी सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है। वहीं, महापौर अलका बाघमार ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं।

मंत्री गजेंद्र यादव और महापौर अलका बाघमार ने विभागीय अधिकारियों से आवेदन निराकरण की प्रगति की रिपोर्ट ली। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शिव नायक, निलेश अग्रवाल, हर्षिका संभव जैन, शशी साहू, एसडीएम हरिवंश मिरी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow