दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को जल्द ही सुगम यातायात की एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव की पहल पर राज्य शासन के वित्त विभाग ने दुर्ग में ‘केनाल रोड’ निर्माण के लिए 6 करोड़ 64 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
साइंस कॉलेज से ग्रीन चौक तक बनेगा मार्ग
यह प्रस्तावित केनाल रोड साइंस कॉलेज के समीप से शुरू होकर ग्रीन चौक तक बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 1100 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। खास बात यह है कि यह मार्ग दुर्ग शहर का पहला केनाल रोड होगा। इसे एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
भिलाई से आने वालों को मिलेगी विशेष सुविधा
इस रोड के बन जाने से भिलाई की ओर से आने वाले वाहन सीधे ग्रीन चौक होते हुए आगे बढ़ सकेंगे। चौड़ी और व्यवस्थित सड़क होने से आवागमन सुरक्षित होगा, साथ ही नागरिकों के समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर हुई त्वरित कार्रवाई
दुर्गवासियों की इस पुरानी मांग को तत्कालीन विधायक और वर्तमान कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने पिछले वर्ष मुख्यमंत्री के दुर्ग प्रवास के दौरान उठाया था। उस समय मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण की घोषणा की थी। इसी घोषणा के अनुरूप अब वित्त विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को अपनी मंजूरी दे दी है।
समग्र विकास ही सर्वोच्च प्राथमिकता: गजेंद्र यादव
इस स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर का समग्र विकास और नागरिकों की सुविधा ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केनाल रोड के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्त विभाग का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में दुर्ग को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है।
पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने जताया आभार
केनाल रोड की बहुप्रतीक्षित स्वीकृति मिलने के बाद दुर्ग नगर निगम के पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार शहर के विकास के लिए लगातार राशि स्वीकृत कर रही है। इन प्रगतिरत कार्यों के पूरे होने पर दुर्ग जल्द ही एक विकसित शहर की श्रेणी में आ जाएगा।









