
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई के प्रयासों से अब दुर्ग जिले का एकमात्र डबल डेकर सुलभ शौचालय रामनगर मुक्तिधाम के पास बनकर तैयार हो गया है। यह सुलभ शौचालय नागरिकों के लिए बेहद उपयुक्त साबित हो रहा है। निगम प्रशासन ने इस शौचालय में सफाई और पर्याप्त पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है, जिससे स्थानीय निवासी अत्यधिक संतुष्ट हैं।

निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज सुबह 8 बजे शौचालय का निरीक्षण किया और शौचालय के निर्माण कार्य में कोई भी कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शौचालय नागरिकों के उपयोग के लिए हैं, और इन्हें निर्धारित समय में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। इस निरीक्षण में जोन क्रं. 02 के कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, संधारण एजेंसी के सदस्य, और स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
65 वर्षीय डेरहा राम यादव ने कहा, “हमेशा गंदगी देखकर लोग चले जाते थे, लेकिन अब यह नया शौचालय साफ-सुथरा है। अगर सबकी आदत सुधर जाए, तो साफ-सफाई बनी रहेगी।”
यह सुलभ शौचालय नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रहा है और निगम प्रशासन के प्रयासों को सराहा जा रहा है।









