-
41,553 हस्ताक्षरयुक्त फार्म पीसीसी चीफ दीपक बैज को सौंपे
-
जनता के मताधिकार सम्मान का लिया संकल्प
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देश भर में चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कुल 41,553 हस्ताक्षरयुक्त फार्म भरवाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को सौंपे गए। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
वोट चोरी रोकने महाअभियान
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने फार्म सौंपने के बाद कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूरे देश में वोट चोरी को रोकने के लिए यह हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्ग ग्रामीण जिले के प्रत्येक ब्लॉक से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हजारों फार्म भरवाए थे। आज ये सभी फार्म पीसीसी चीफ दीपक बैज को सौंप दिए गए हैं।
विधानसभावार हस्ताक्षर फार्म का लेखा-जोखा
जमा किए गए 41,553 फार्म में विधानसभा क्षेत्रों का योगदान महत्वपूर्ण है। सबसे ज्यादा फार्म पाटन विधानसभा से 15,206 जमा किए गए हैं। इसके बाद दुर्ग ग्रामीण विधानसभा से 10,178 फार्म, साजा विधानसभा (धमधा ब्लॉक) से 8,490 फार्म और अहिवारा विधानसभा से 7,679 फार्म जमा किए गए। कार्यकर्ताओं ने यह अभियान घर-घर जाकर चलाया, जिससे जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हुई।
जनता के मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करना लक्ष्य
ठाकुर ने अभियान के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि हस्ताक्षरयुक्त फार्म भराये जाने का मुख्य लक्ष्य जनता के मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करना और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जन जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को यह बताया जा रहा है कि सत्ता का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मिलकर यह हस्ताक्षर अभियान सफल बनाया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में फार्म जमा करने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, प्रमोद सिंह राजपुत, नागमणि साहू, भूपेंद्र पटेल, श्रीकांत वर्मा, शमशेर कुरैशी और अरुण साहू सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






