Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि विभाग का छापा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रायपुर

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के निर्देश पर नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ खाद्य एवं औषधि विभाग और रायपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई के तहत, खाद्य एवं औषधि विभाग और रायपुर पुलिस की संयुक्त 11 टीमों ने रायपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 30 मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान, 4 मेडिकल स्टोर्स से अवैध रूप से नशीली दवाओं का विक्रय किया जा रहा था, जिसपर विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि विभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के मार्गदर्शन में विभाग और रायपुर पुलिस विभाग के लगभग 50 अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने रायपुर जिले के विभिन्न इलाकों जैसे माना, खरोरा, बिरगांव, हीरापुर, संतोषी नगर, रायपुरा, कबीरनगर, टिकरापारा, अवंतिविहार, लाभांडी, शंकरनगर, गुढियारी, चंगोराभाटा आदि में संचालित 30 मेडिकल स्टोर्स में नशीली दवाओं के अवैध व्यापार पर नियंत्रण के लिए छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान टेस्ट परचेस भी किए गए। रायपुरा स्थित जय दुर्गा मेडिकल स्टोर्स में बिना प्रिस्क्रिप्शन के नशीली दवाओं का विक्रय पाया गया, जिसपर विभाग ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा, 04 अन्य मेडिकल स्टोर्स जैसे दिनेश मेडिकल स्टोर्स (चंगोराभांटा), श्री मेडिकल स्टोर्स (खरोरा), गुजरात मेडिकल स्टोर्स (खरोरा) और जय दुर्गा मेडिकल स्टोर्स (रायपुरा) से नारकोटिक्स दवाएं बरामद की गईं, जिनका विक्रय अभिलेख फर्म द्वारा प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा बताया गया कि पिछले 6 महीने में रायपुर जिले के विभिन्न 52 मेडिकल स्टोर्स को नशीली दवाओं के विक्रय के संबंध में स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 33 मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और 5 मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य के अन्य जिलों में भी नशीली दवाओं के अवैध विक्रय पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले समय में, खाद्य एवं औषधि विभाग और रायपुर पुलिस विभाग मिलकर इसी तरह की छापेमारी कार्रवाई को चरणबद्ध तरीके से जारी रखेंगे।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow

Leave a Comment