Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

बालोद में तंत्र-मंत्र के नाम पर 5.22 लाख की ठगी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

 

  • रकम दस गुना करने का झांसा देकर महिला फरार, पुलिस ने किया अपराध दर्ज

बालोद।

जिले में तंत्र-मंत्र कर रकम को दस गुना करने का झांसा देकर 5 लाख 22 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बालोद सिटी कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक महिला पर धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

घटना 8 अगस्त 2025 की है, जिसकी शिकायत 4 नवंबर 2025 को दर्ज कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विजोरा (थाना डौंडीलोहारा) निवासी जालम चंद जैन (37), जो गल्ला–धान खरीदी का कार्य करते हैं, ने पुलिस को बताया कि उनके परिचित मुकुंद लाल साहू (ग्राम कोचेरा) ने उन्हें एक महिला मंदा पासवान से मिलवाया, जो कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से रकम को “दोगुना-दस गुना” करने का दावा करती थी।

पूजा-पाठ के नाम पर रखवाए 5 लाख से ज्यादा रुपये

6 अगस्त को महिला ने फोन पर कहा कि वह पूजा-पाठ कर रकम को दस गुना कर देगी। उस पर भरोसा कर जालम चंद जैन ने अपने साथी रघुनाथ सागर और संत साहू से चर्चा की। 8 अगस्त को तीनों अपने परिचित मुकुंद साहू के साथ राजनांदगांव पुराने बस स्टैंड पहुंचे, जहां महिला ने उनसे मुलाकात की।

मंदा पासवान ने पूजा के लिए आवश्यक सामग्री मंगाई और कहा कि तंत्र पूजा बालोद में की जाएगी। चारों लोग उसे साथ लेकर बालोद पहुंचे। हॉरिज़न स्कूल के पास एक ईंट भट्ठा के आगे महिला ने पूजा शुरू करने की बात कही और दो घड़े रखवाए। उसने उन घड़ों में पैसे रखने को कहा।

जालम चंद जैन ने 2.50 लाख, मुकुंद साहू ने 80 हजार, रघुनाथ सागर ने 1 लाख और संत साहू ने 92 हजार रुपये घड़े में रख दिए — कुल ₹5,22,000।

कचहरी चौक ले जाकर भागी ठग महिला

महिला ने कहा कि अंतिम पूजा बालोद कचहरी चौक पर करनी है। रघुनाथ सागर उसे बाइक से वहां लेकर गया, लेकिन कुछ देर बाद अकेले लौट आया। उसने बताया कि महिला ने नींबू लाने के लिए कहा है। शक होने पर सभी लोग कचहरी चौक पहुंचे, लेकिन महिला वहां नहीं मिली। वह रुपयों से भरा घड़ा लेकर फरार हो चुकी थी।

काफी तलाश के बाद जब महिला का कोई पता नहीं चला, तब पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी महिला मंदा पासवान (निवासी मारेगांव, जिला यवतमाल, महाराष्ट्र) की तलाश शुरू कर दी है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow