पंडरिया।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। स्थानीय विधायक भावना बोहरा ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 50 लाख 61 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक भावना बोहरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का आभार व्यक्त किया है, साथ ही क्षेत्रवासियों को बधाई दी है।
ग्रामीण जीवन को मिलेगी नई गति
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण सड़क संपर्क मजबूत होगा और आवागमन सुगम बनेगा। इससे न केवल यातायात आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण जीवन को एक नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास जनता की सुविधा, क्षेत्र का विकास और समृद्ध पंडरिया का निर्माण करना है। पंडरिया के हर गांव तक विकास पहुँचाना हमारा सतत संकल्प है।”
इन 7 गांवों में बिछेगा सड़कों का जाल
छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण द्वारा पंडरिया विधानसभा में कुल 50.61 लाख रुपये की लागत से निम्नलिखित निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं:
-
ग्राम बाधामुड़ा: मेन रोड साहू पारा की ओर सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹6.78 लाख)
-
ग्राम हीरापुर: मेन रोड से प्रदीप यादव के घर की ओर सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹6.78 लाख)
-
ग्राम रूसे: उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच मार्ग में सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹6.78 लाख)
-
ग्राम सुरजपुराकला: जगत चन्द्राकर के घर से गोपी साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹8.13 लाख)
-
ग्राम झिंगराडोंगरी: छेदी राठौर के घर से कुमार यादव के घर तक सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹9.94 लाख)
-
ग्राम डोंगरियाखुर्द: पेड़ तालाब से स्कूल तक सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹6.78 लाख)
-
ग्राम झिरियाखुर्द: भुवन राम पात्रे के घर से राजू कुर्रे के घर तक सीसी रोड निर्माण (लागत: ₹5.42 लाख)
इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्तों से मुक्ति मिलेगी और विधानसभा के इन गांवों में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।









