![]()
3.49 लाख खिलाड़ी लेगे ‘सरगुजा ओलंपिक’ में भाग
अंबिकापुर । Sarguja Olympic 2026
नवरात्रि की पावन बेला पर मां महामाया की धरा सरगुजा में ‘सरगुजा ओलंपिक’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड में इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। बस्तर ओलंपिक की शानदार सफलता के बाद अब सरगुजा अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का यह बड़ा मंच मिला है। कार्यक्रम के दौरान संभाग के सभी जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्यमंत्री को सलामी दी।
विजेताओं पर होगी धनवर्षा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि 3 लाख 49 हजार खिलाड़ियों की स्वस्फूर्त सहभागिता खेल के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और बजट में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक के वार्षिक आयोजन के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
पंडरापाठ में बनेगी 20 करोड़ की आर्चरी अकादमी
अधोसंरचना के विस्तार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा के पंडरापाठ में 20 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी (तीरंदाजी) अकादमी स्थापित की जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने प्रदेश के युवा एथलीट अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 25 मार्च को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में पारित धर्म स्वातंत्र्य विधेयक और कर्मचारी चयन मंडल की स्थापना के संबंध में भी जानकारी दी।
बस्तर ओलंपिक में 700 सरेंडर नक्सलियों ने लिया था हिस्सा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जवानों के अदम्य साहस से नक्सल मुक्ति का संकल्प पूरा होने की कगार पर है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में पहले वर्ष 1.65 लाख और इस वर्ष 3.91 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस वर्ष बस्तर में लगभग 700 आत्मसमर्पित नक्सलियों की टीम ने ‘जोआ बाट’ के नाम से ओलंपिक में हिस्सा लिया था।
बेटियों की भागीदारी सुखद: गीता फोगाट
कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक में बड़ी संख्या में बेटियों की भागीदारी देखना बेहद सुखद है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और नशे से दूर रहने की अपील की।
3.49 लाख खिलाड़ियों ने किया पंजीयन
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक में 6 जिलों से कुल 3.49 लाख प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 1.59 लाख पुरुष और 1.89 लाख महिलाएं शामिल हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन में 11 से अधिक खेल विधाओं में 2000 से अधिक खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने इसे सरगुजा वासियों के लिए बड़ी सौगात बताया।
शुभारंभ सत्र के अंत में अतिथियों ने सरगुजा ओलंपिक की मशाल प्रज्ज्वलित की। इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर मंजूषा भगत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राम किशुन सिंह, सभापति हरविंदर सिंह, राम लखन पैंकरा, खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संभाग आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।








