जगदलपुर।
शहर के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत देऊरगांव के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार और लापरवाही का जानलेवा मंजर देखने को मिला। एक अनियंत्रित बोलेरो ने आगे चल रही टैक्सी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि राह गुजर रहा एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया। इस भीषण हादसे में टैक्सी सवार महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मची अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने निकाला गुस्सा
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी 9 घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जगदलपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बोलेरो की रफ्तार अत्यधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था।
ग्रामीणों ने चालक को पीटा, मौका पाकर हुआ फरार
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। मौके पर मौजूद भीड़ ने बोलेरो चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। हालांकि, हंगामे और स्थिति का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की मांग
घटना की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उत्तेजित भीड़ को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने फरार बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इधर, बार-बार हो रहे हादसों से डरे हुए स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात निगरानी और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने की मांग की है।









