Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

‘हमर पुलिस-हमर बजार’: बेमेतरा में पुलिस की पाठशाला, ग्रामीणों को बताए नए कानून और साइबर ठगी से बचने के उपाय

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

  • देवरबीजा सहकारी समिति में जागरूकता शिविर

  • यातायात नियमों और नशा मुक्ति का भी दिया संदेश

बेमेतरा/देवरबीजा.

जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और आमजन को अपराधों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन अब सीधे जनता के बीच पहुंच रहा है। एसएसपी रामकृष्ण साहू के निर्देश पर जिले भर में “हमर पुलिस हमर बजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार (11 दिसंबर) को चौकी देवरबीजा पुलिस ने सेवा सहकारी समिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

नए कानूनों की दी जानकारी

देवरबीजा चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रेशम लाल भास्कर और उनकी टीम ने समिति में आए आसपास के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को हाल ही में लागू हुए नए आपराधिक कानूनों— भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने समझाया कि कानून में हुए बदलाव आम जनता की सुरक्षा और त्वरित न्याय के लिए हैं।

साइबर फ्रॉड: एक गलती और खाता खाली

जागरूकता शिविर में सबसे ज्यादा जोर साइबर सुरक्षा पर रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि आजकल ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

  • सचेत रहें: किसी भी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल या मैसेज का जवाब न दें।

  • गोपनीयता: अपना ओटीपी, बैंक खाता नंबर या पिन किसी के साथ साझा न करें।

  • फर्जी लिंक: मोबाइल पर आने वाले लॉटरी या इनाम के फर्जी लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो के दुरुपयोग और साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से निपटने के तरीके भी साझा किए।

सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता समझाई गई। अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक है। इसके अलावा, वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताया गया। पुलिस ने समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील भी की।

जिले भर में जारी है अभियान

उल्लेखनीय है कि यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह और एसडीओपी बेरला विनय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें लगातार हॉट-बाजारों, गांवों, स्कूलों और रिहायशी कॉलोनियों में जाकर चौपाल लगा रही हैं, ताकि पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम हो सके।

news paper editing
previous arrow
next arrow