दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
नगर पालिक निगम दुर्ग में वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पश्चात राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निगम क्षेत्र के वार्डवार राजस्व वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जहां एक ओर टैक्स बकायेदारों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
सील होंगी दुकानें
बैठक के दौरान आयुक्त सुमित अग्रवाल ने राजस्व वसूली को और अधिक गति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो करदाता लंबे समय से अपना बकाया टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे बकायेदारों के नल कनेक्शन विच्छेद (काटे) किए जाएं, उनके खिलाफ वारंट जारी किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर उनकी दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
राजेश और शिवा ने मारी बाजी, आयुक्त ने दिया प्रशस्ति पत्र
राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का बैठक में सम्मान किया गया। न्यू आदर्श नगर क्षेत्र में सर्वाधिक वसूली कर राजस्व विभाग के कर्मचारी राजेश ताम्रकार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, उरला वार्ड से शिवा परिहार वसूली के मामले में दूसरे स्थान पर रहे।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने दोनों कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान आयुक्त ने अन्य सभी कर्मचारियों को भी इसी प्रकार समर्पण और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए भविष्य में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।






