

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने आज बस्तर जिले के कोसारटेडा जलाशय परिसर में ईको-टूरिज्म हब के विकास के लिए आयोजित भूमिपूजन समारोह में भाग लिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू कर रही है, जिसमें होम स्टे, कैंपिंग और ईको-टूरिज्म की सुविधाओं का विकास शामिल है।
कोसारटेडा जलाशय का विकास अब एक प्रमुख ईको-टूरिज्म हब के रूप में किया जा रहा है। इस परियोजना की कुल लागत 3 करोड़ 51 लाख रुपए है। मंत्री कश्यप ने भूमिपूजन समारोह में बताया कि इस रिसॉर्ट के निर्माण से स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यह पहल बस्तर की अप्रतिम प्राकृतिक सुंदरता को पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाएगी।
भूमिपूजन के दौरान, मंत्री केदार कश्यप ने रिसॉर्ट के मुख्य द्वार के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए, रिसॉर्ट के चारों ओर टो वॉल के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए, अप्रोच रोड के दोहरीकरण और प्रशासनिक भवन के जीर्णाेद्धार के लिए 50 लाख रुपए, और अन्य विकास कार्यों के लिए आवश्यक राशि की स्वीकृति दी।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि कोसारटेडा जलाशय को स्थापित करने के लिए स्वर्गीय बलीराम कश्यप के प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि इस जलाशय के माध्यम से क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ी है और अब इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद श्री दिनेश कश्यप, बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के., और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। सभी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत वृक्षारोपण किया और ग्रामीणों को पौधों का वितरण किया।






