रायपुर।
राजधानी रायपुर में आज आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस देशभक्ति यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं शामिल हुए और देश प्रेम का संदेश दिया। यह यात्रा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई थी।

शहीद भगत सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद भगत सिंह चौक पर स्थापित शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा ताकि हम खुली हवा में सांस ले सकें। उनका यह बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।” सरदार भगत सिंह को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री साय ने बेमेतरा सिक्ख समाज के जिला अध्यक्ष हरदीप सिंघ राजा छाबड़ा से उनकी जीवनी के बारे में विस्तार से चर्चा की और सिक्ख सामाजिक विषयों पर भी बात की।
पदयात्रा से दिया संदेश
शहीद स्मारक भवन से तेलीबांधा तक निकली इस देशभक्ति की लहर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं पैदल चलकर शामिल हुए। हजारों नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए उन्होंने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से आसमान गुंजा दिया। इस दृश्य ने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का संचार किया।
सिक्ख समाज ने किया भव्य स्वागत
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का शहीद भगत सिंह चौक पर गरिमामय स्वागत किया। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा और बेमेतरा के जिला अध्यक्ष हरदीप सिंह राजा छाबड़ा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महापौर मीनल चौबे, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित सभी गणमान्य अतिथियों को प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने हेतु आमंत्रित किया।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। यह यात्रा उन वीरों को समर्पित है जिन्होंने इसकी रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। वहीं, विधायक किरण सिंह देव ने तिरंगे को देश की पहचान और एकता का प्रतीक बताया।
ऐतिहासिक पल का हुआ निर्माण
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज की पहल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहले ऐसे मुख्यमंत्री बने, जिन्होंने शहीद भगत सिंह चौक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के बेमेतरा जिला अध्यक्ष हरदीप सिंह राजा छाबड़ा, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महापौर मीनल चौबे, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहिब के प्रधान हरकिशन सिंह राजपूत, सुरजीत सिंह छाबड़ा, नरेंद्र सिंह, मनजीत सिंह भाटिया, मानवेंद्र सिंह डडियाला, जागीर सिंह बावा, गुरदीप सिंह टुटेजा, गुरमीत सिंह टोनी, लविंदरपाल सिंघोत्रा सहित बड़ी संख्या में सिक्ख समाज के प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और देशभक्त नागरिक मौजूद रहे।






