- जंगल में छिपा था अवैध शराब का अड्डा
- पुलिस ने मौके पर ही भट्ठियों को किया नष्ट
कबीरधाम (जलेश साहू)।
कबीरधाम जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को आज एक बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस ने एक बड़े शराब निर्माण केंद्र का पर्दाफाश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
एसडीओपी कवर्धा कृष्ण चंद्राकर के निर्देशन में डीआरजी, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम सरोधा के समीप बैगा टोला के जंगल क्षेत्र में छापेमारी की। पूर्व में प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर की गई इस दबिश में पुलिस को 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और 50 डिब्बों में भरे 1000 किलो से अधिक महुआ लाहन बरामद हुए।

मौके पर ही नष्ट की गई अवैध भट्ठियाँ
पुलिस ने मौके पर ही अस्थायी रूप से बनाई गई शराब भट्ठियों को नष्ट कर दिया और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले प्लास्टिक ड्रम, गंज, पाइप, एल्यूमीनियम बर्तन जैसे उपकरणों को जब्त किया। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और गंभीरता को दर्शाती है।
पुलिस बल की संयुक्त कार्यवाही
इस अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी लालजी सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शांता लकड़ा, थाना कोतवाली से एएसआई उमा उपाध्याय, एचसी खुबीराम साहू, डीआरजी से एएसआई दिलीप सोनकर व अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल के सदस्य शामिल रहे।
समाज को दी जा रही है एक मजबूत संदेश
इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध शराब माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। यह न केवल एक चेतावनी है, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा,
“नशा आज समाज के स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य और परिवारों की शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। कबीरधाम पुलिस इसे केवल कानून व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक बुराई मानते हुए इससे कठोरता से निपट रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि गांव-गांव में चल रहे इस तरह के कारोबार को समाप्त करने हेतु पुलिस लगातार सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अभियान को और तेज किया जाएगा और नशा मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
आम जनता से की गई अपील
पुलिस अधीक्षक ने जनता से भी आह्वान किया कि वे इस अभियान में भागीदार बनें और यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना हो तो पुलिस को जरूर बताएं।
“आपकी एक सूचना न केवल अपराध को रोक सकती है, बल्कि समाज को नई दिशा भी दे सकती है। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”
ग्रामीणों ने की पुलिस कार्यवाही की सराहना
स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की सराहना की और आशा व्यक्त की कि इस तरह की नियमित कार्रवाइयों से युवाओं को सुरक्षित भविष्य मिलेगा और गांव-गांव से नशे की प्रवृत्ति पर लगाम लगेगी।









