- बेमेतरा में भाजपा विधायक के काफिले पर हमले के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी पारा चढ़ा
मनेंद्रगढ़।
बेमेतरा जिले में भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर हुए हमले के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में कानून व्यवस्था का मुद्दा गरमा गया है। अब कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में एक अनोखी मांग रखी है। मनेंद्रगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
इस संबंध में मनेंद्रगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने जिले के पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में कांग्रेसियों ने जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला दिया है। उनका कहना है कि वर्तमान हालात को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सुरक्षा बढ़ाना आवश्यक है।
भाजपा विधायक के काफिले पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि आरंग क्षेत्र से भाजपा विधायक व सतनामी समाज के गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर शनिवार देर शाम अज्ञात तत्वों ने हमला कर दिया था। विधायक गुरु खुशवंत साहेब शनिवार को बेमेतरा जिले के दौरे पर थे। वे नवागढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात रायपुर लौट रहे थे।
कार के शीशे क्षतिग्रस्त
रात लगभग 7 से 7.30 बजे के बीच बेमेतरा-रायपुर बायपास पर भोईनाभांठा के पास उनकी कार पर अचानक पथराव किया गया। इस हमले में उनकी कार के सामने के शीशे बुरी तरह से टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।









