Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

हवा में अटकी मंत्री की जान! हेलीपैड की जगह ‘कार पार्किंग’ में उतरा छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर

Chhagan Bhujbal Helicopter Landing Pune

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पुणे (ओमदर्पण न्यूज़)।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर एक बड़ी चूक का शिकार हो गया। पायलट की भारी लापरवाही के कारण मंत्री का हेलीकॉप्टर तय हेलीपैड के बजाय सीधे एक कार पार्किंग में लैंड कर गया। हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में मंत्री छगन भुजबल पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन अचानक हुई इस गलत लैंडिंग से मौके पर अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं।

स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में जा रहे थे भुजबल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री छगन भुजबल नासिक से पुणे के खानवडी स्थित एक जिला परिषद स्कूल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब हेलीकॉप्टर खानवडी पहुंचा, तो लैंडिंग के दौरान पायलट ने बड़ी लापरवाही बरती और निर्धारित हेलीपैड को नजरअंदाज करते हुए स्कूल के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में ही हेलीकॉप्टर उतार दिया। कार पार्किंग जैसी जगह पर अचानक हेलीकॉप्टर को उतरता देख वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश

इस घटना के बाद वीआईपी सुरक्षा और एविएशन प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि मंत्री छगन भुजबल सुरक्षित हैं, लेकिन पायलट की यह लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस पूरी घटना की विस्तृत जांच कराने की बात कही है।

अजित पवार हादसे ने बढ़ा दी थी धड़कनें

छगन भुजबल की पार्टी (NCP) और महाराष्ट्र की राजनीति के लिए विमान और हेलीकॉप्टर यात्राएं हाल ही में बेहद खौफनाक साबित हुई हैं। गौरतलब है कि महज कुछ महीने पहले 28 जनवरी को ही एनसीपी प्रमुख अजित पवार का विमान बारामती में क्रैश हो गया था। मुंबई से बारामती जा रहा यह विमान लैंडिंग से ठीक पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें अजित पवार समेत 5 लोगों का दुखद निधन हो गया था। उस दर्दनाक हादसे के बाद अब छगन भुजबल के हेलीकॉप्टर की इस चूक ने एक बार फिर लोगों की धड़कनें बढ़ा दी थीं।

news paper editing
previous arrow
next arrow