दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस में जागरूकता लाने के उद्देश्य से दुर्ग वनमंडल द्वारा नगर सेनानी कार्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण किया गया। इस अभियान का नेतृत्व करते हुए शहर विधायक गजेंद्र यादव ने स्वयं पौधा रोपा, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों, एसडीआरएफ के जवानों और बड़ी संख्या में स्काउट्स-गाइड्स कैडेट्स ने मिलकर परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए फलदार व छायादार पौधे लगाए।
ग्रीन जोन का विकास और सम्मान
नगर सेनानी कार्यालय परिसर को ‘ग्रीन जोन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। पौधारोपण के पश्चात, विधायक और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्काउट्स के उत्कृष्ट कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवा पीढ़ी को रचनात्मक गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सामाजिक भागीदारी का आह्वान
इस अवसर पर विधायक गजेंद्र यादव ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के पीछे की भावनाओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक पौधारोपण अभियान नहीं, इसमें कृतज्ञता, प्रेम और प्रकृति के प्रति सम्मान की गहरी जड़ें हैं।” उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को हरियाली से जोड़ने और जलवायु संकट से निपटने के लिए सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। यादव ने प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा रोपित कर उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
दुर्ग वन मंडल द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शहर विधायक गजेंद्र यादव के साथ सभापति श्याम शर्मा, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वन मंडलाधिकारी दीपेश कपिल, वन रक्षक एम. मारिबेला, निगम आयुक्त, एसडीएम सहित नगर सेनानी कार्यालय के अधिकारी, जवान, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्काउट्स-गाइड्स कैडेट्स मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।









