तेजस्वी ‘बाबर का वारिस’, राहुल ‘देश का दुश्मन’: हिमंत सरमा
OM Darpan
Nov 06, 2025 03:48 am
208 views
06 Nov 2025
पश्चिम चंपारण।
असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हिमंत विश्व सरमा ने बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान विपक्षी नेताओं पर तीखा और विस्फोटक हमला बोला है। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव को सीधे तौर पर मुगल शासकों की विरासत से जोड़ दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भगवान राम के आदर्शों का प्रतीक बताया।
सरमा ने बुधवार को पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
राम बनाम बाबर की विरासत पर सीधा वार
हिमंत विश्व सरमा ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव 'दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई' है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी राम और लक्ष्मण के आदर्शों का प्रतीक हैं, जबकि तेजस्वी और लालू बाबर और औरंगजेब की विरासत के प्रतिनिधि हैं।’’ सरमा ने कहा कि केवल वही व्यक्ति बिहार का मुख्यमंत्री बनने का अधिकारी है जो भगवान राम की उपासना करता है और लक्ष्मण की तरह समर्पित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मदद करेगी।
राहुल गांधी देश के दुश्मन
मुख्यमंत्री सरमा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। कांग्रेस से 2015 तक जुड़े रहे सरमा ने संवाददाताओं से बातचीत में सीधे तौर पर दावा किया, ‘‘राहुल गांधी देश के दुश्मन हैं।’’ इस बयान से राजनीतिक गलियारों में बड़ा विवाद खड़ा होने की संभावना है।ओवैसी को पाकिस्तान जाने का ऑफर
सरमा ने इस दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने ओवैसी की बिहार में सक्रियता को लेकर कहा, ‘‘अगर ओवैसी इतना बेचैन हैं, तो मैं उन्हें पाकिस्तान जाने का टिकट ऑफर करता हूं। वे वहां अपनी पसंद के लोगों को चुनाव जितवा सकते हैं।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार की जनता खुद अपने नेता का चयन करेगी, उसे ओवैसी की सलाह की जरूरत नहीं है।घुसपैठियों के वोटों पर निर्भर विरोधी
असम के मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर 'एसआईआर’ (विशेष गहन पुनरीक्षण) की आलोचना करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के विरोधी लोग 'एसआईआर' की आलोचना इसलिए करते हैं क्योंकि ‘‘वे चुनाव जीतने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोटों पर निर्भर हैं।’’ सरमा ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में ही ‘‘लंबे समय बाद देश में हिंदू स्वतंत्र रूप से जी, बोल और चल-फिर पा रहे हैं। यह सब मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।"
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन