जशपुर।
गौ तस्करी के कुख्यात और लंबे समय से फरार आरोपी मोजाहिद खान को जशपुर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मोजाहिद खान के विरुद्ध छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क), (घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध था।
तस्करी में प्रयुक्त वाहनों का राजसात
जशपुर पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन शंखनाद’ चला रही है। इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक गौ तस्करी में प्रयुक्त 52 वाहनों को जब्त किया है, जिनमें से 24 वाहनों को राजसात किया जा चुका है। शेष 28 वाहनों की राजसात प्रक्रियाधीन है और उन्हें भी जल्द ही राजसात कर लिया जाएगा। कलेक्टर रोहित व्यास ने हाल ही में एक और वाहन को राजसात किया है, जिससे राजसात हुए वाहनों की संख्या 24 हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहनों के राजसात की प्रक्रिया से गौ तस्करों में भय का माहौल है, जिसके कारण उन्होंने तस्करी का पैटर्न बदल दिया है और अब पैदल जंगल मार्गों का उपयोग कर रहे हैं। पुलिस ने अपने मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय कर लगातार कार्यवाही जारी रखी है।
फरार आरोपी की धरपकड़
फरार आरोपी मोजाहिद खान की गिरफ्तारी थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत एक पुराने मामले से जुड़ी है। वर्ष 2024 में जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साईं टांगर टोली में भारी मात्रा में गौवंशों को बांध कर रखा गया है और उन्हें पिकअप में भरकर ले जाने की तैयारी चल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने तत्काल साईं टांगर टोली में छापामारी की थी और मौके से 32 गौवंशों को मुक्त कराया था। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पांच पिकअप वाहन और एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई थी। उस दौरान एक आरोपी जुनेद आलम को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की जांच में जुनैद आलम की निशानदेही पर मोजाहिद खान उर्फ शाहिद खान उर्फ रोजना मियां, उम्र 28 वर्ष, निवासी साईं टांगर टोली, थाना लोदाम को दूसरे आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया था, जो घटना दिनांक से ही फरार था। पुलिस लगातार मोजाहिद खान की तलाश कर रही थी और इसके लिए तकनीकी टीम के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दिनांक 01.08.25 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी मोजाहिद खान को साईं टांगर टोली में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए साईं टांगर टोली में आरोपी के घर की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी मोजाहिद खान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ऑपरेशन शंखनाद जारी रहेगा: शशि मोहन सिंह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ निरंतर जारी है। इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 1200 से अधिक गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और 130 से अधिक गौ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की राजसात की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है, जिससे तस्करों पर लगातार दबाव बना हुआ है।






