- राहत कार्यों में तेजी, राजस्व अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
रायपुर (सत्यानंद सोई)।
लगातार बारिश के चलते रायपुर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा को प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर मिश्रा ने आज विभिन्न वार्डों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नालों और नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
राजस्व अधिकारियों को भी जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने और तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दौरा कर राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं और मौके पर पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था को सुधारने में जुटे हैं। इस दौरान स्वच्छता पर भी जोर दिया गया है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं न बढ़ें।










