Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर पंडरिया में गूंजे देशभक्ति के नारे, भावना बोहरा के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article


पंडरिया (जलेश कुमार साहू)।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और हमारे सेना के जवानों व स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में विधानसभा स्तरीय तिरंगा यात्राएँ निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में पंडरिया विधानसभा में भी विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में कुण्डा मंडल में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों द्वारा एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में विधायक भावना बोहरा और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।

राष्ट्रप्रेम का सशक्त प्रतीक

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, त्याग और राष्ट्रप्रेम का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा हमारा गर्व, गौरव और अभिमान है। इस तिरंगे की रक्षा और देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए असंख्य राष्ट्रभक्तों, सेनानियों एवं वीर योद्धाओं ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। हर घर तिरंगा यात्रा उन्हीं असंख्य राष्ट्रभक्तों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्रप्रेम के पुनर्जागरण का समय है। भावना बोहरा ने विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर में सेना के वीर जवानों द्वारा पाकिस्तान को दिए गए करारे जवाब और आतंकियों के ठिकानों को तबाह करने के लिए उनकी सराहना की, जिसके सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली गई।

हर घर तिरंगा अभियान का महत्व

कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं, बल्कि यह भारत के प्रत्येक नागरिक को अपनी जड़ों, संस्कृति और स्वतंत्रता के मूल्यों से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह अभियान हमें एकजुट होकर एक मजबूत, समृद्ध और गौरवशाली भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित कर देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देता है और नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की याद दिलाता है।

विधायक भावना बोहरा ने यह भी बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शुरू किया था, एक जन आंदोलन है जिसका उद्देश्य 13 से 15 अगस्त के बीच देश के हर घर को तिरंगे से सुशोभित करना है। उन्होंने तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंगों तथा अशोक चक्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारी विविधता में एकता, बलिदानों, और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान ने खादी और हथकरघा उद्योग से जुड़े कारीगरों को रोजगार भी प्रदान किया है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

देशभक्ति के नारों से गूंजा पंडरिया

यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पंडरिया की गलियाँ गूंज उठीं। इस यात्रा के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया गया और सेना के वीर जवानों तथा देश को आजादी दिलाने वाले सेनानियों एवं महान विभूतियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस यात्रा में युवा, महिला, बुजुर्ग, सामाजिक संगठन और हर वर्ग के लोग शामिल हुए, जो यह दर्शाता है कि हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम की गाथा, हमारे शहीदों के बलिदान और हमारे एकजुट भारत का प्रतीक है। भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा सहित पूरे प्रदेश की जनता से आग्रह किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और अपने घरों व प्रतिष्ठानों में तिरंगा ध्वज फहराकर देशभक्ति की इस यात्रा में सहभागी बनें। इस विशाल तिरंगा यात्रा में पंडरिया विधानसभा के समस्त पदाधिकारी, मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ता, मंडल, शक्ति केंद्र व बूथ के प्रभारी, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

news paper editing
previous arrow
next arrow