



रायपुर (सत्यानंद सोई) ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के बाद आज शाम विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और डीजीपी अशोक जुनेजा ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर थीं। इस दौरान उन्होंने रायपुर और दुर्ग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। उनके मुख्य आतिथ्य में चार उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों – एम्स रायपुर, एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष यूनिवर्सिटी नवा रायपुर के दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुए।
नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख लाभार्थी महिलाओं को दीपावली से पूर्व राज्य सरकार की ओर से एक-एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आर्थिक स्वावलंबन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा यह अभिनव योजना मार्च 2024 से संचालित की जा रही है, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था। इस योजना के तहत अब तक 9 किस्तों में 5878 करोड़ 37 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से आत्मीय चर्चा की और पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण भी किया।




