बारिश के बाद छत्तीसगढ़ में रफ्तार पकड़ेंगे सड़क-पुल के काम, 672 करोड़ के 24 प्रोजेक्ट्स को मिली हरी झंडी
OM Darpan
दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव समेत कई जिलों में नई सड़कें, अरपा व खारून पर बनेंगे नए पुल
रायपुर।
प्रदेश में मानसून खत्म होते ही बुनियादी ढांचे के विकास को तेजी देने की पूरी तैयारी कर ली गई है। राज्य सरकार ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण सड़क और पुल निर्माण कार्यों की निविदाओं (टेंडर्स) को मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को तुरंत कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता की नियमित निगरानी के कड़े निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेशभर में 24 महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर योजनाबद्ध ढंग से काम शुरू किया जा रहा है। इनमें 7 नई सड़कें, 2 उच्च स्तरीय पुल, 3 सड़कों का उन्नयन और 12 सड़कों के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के काम शामिल हैं।
अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल
बिलासपुर जिले में सरकंडा (लोधीपारा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी पर 17.63 करोड़ की लागत से और चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर 7.68 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया जाएगा।
प्रमुख जिलों में सड़कें और फोरलेन परियोजनाएं
दुर्ग: पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग में 5.28 किमी फोरलेन सड़क (28.02 करोड़ रुपये)।
धमतरी: आमदी नगर पंचायत में 3.50 किमी फोरलेन गौरव पथ एवं सौंदर्यीकरण (19.26 करोड़ रुपये)। इसके अलावा जिले के चार अन्य प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के टेंडर मंजूर।
राजनांदगांव: डोंगरगढ़ में 8 किमी फोरलेन परिक्रमा पथ (46.22 करोड़ रुपये)।
बिलासपुर: झाल से नगपुरा मार्ग (29.91 करोड़ रुपये)।
रायगढ़: रायगढ़-लोइंग-महापल्ली और रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्गों के 5-5 किमी हिस्से का फोरलेन चौड़ीकरण व विद्युतीकरण।
कांकेर: कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग में 36.80 किमी सड़क चौड़ीकरण व मजबूतीकरण (85.83 करोड़ रुपये)।
सबलेटिंग और पॉवर ऑफ अटॉर्नी पर रोक
विभाग ने गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। अनुबंधित कार्यों को किसी अन्य को सबलेट (आगे ट्रांसफर) नहीं किया जा सकेगा और न ही पॉवर ऑफ अटॉर्नी मान्य होगी। सभी कार्यपालन अभियंताओं को निर्धारित समय और तय बजट के भीतर ही कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन