कबीरधाम : जल जीवन मिशन से बदली महिलाओं की जिंदगी, नल कनेक्शन से भगवती को मिली राहत
OM Darpan
कबीरधाम जिले की भगवती श्रीवास के लिए वरदान साबित हो रहा जल जीवन मिशन
पहले परिवार के लिए पानी जुटाने में खप जाता था महिलाओं का काफी समय-श्रम
घर-घर नल पहुंचने से रोजमर्रा के कामकाज में होने लगी है आसानी
कबीरधाम। ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के लिए घर तक नल से पानी पहुंचना महज एक सुविधा नहीं, बल्कि उनकी दिनचर्या को आसान बनाने वाला एक बड़ा बदलाव है। कबीरधाम जिले की रहने वाली 40 वर्षीय भगवती श्रीवास की कहानी भी इसी बदलाव की गवाही दे रही है। जल जीवन मिशन के तहत घर में नल लगने से उन्हें अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता है। इससे उनका काफी समय और श्रम बच रहा है।
पानी-व्यवस्था में गुजरता था दिन
भगवती बताती हैं कि कुछ समय पहले तक परिवार के लिए पेयजल की व्यवस्था करना उनकी दिनचर्या का सबसे थका देने वाला काम था। पानी के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। घरेलू कामकाज के साथ-साथ दूर से पानी ढोकर लाना किसी चुनौती से कम नहीं था। इस पूरी प्रक्रिया में उनकी बहुत अधिक मेहनत और वक्त बर्बाद होता था।
घर में नल लगा तो मिली फौरी राहत
जल जीवन मिशन के तहत जब से उनके घर में नल-कनेक्शन लगा है, तब से उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। अब उन्हें पानी के लिए घर से बाहर नहीं जाना पड़ता। घर पर ही साफ-सुथरा पेयजल मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। पानी ढोने में लगने वाला समय अब बच रहा है, जिसका उपयोग वे अपने परिवार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए कर पा रही हैं।
जीवन-स्तर में हो रहा सुधार
भगवती का यह अनुभव स्पष्ट करता है कि गांवों में घर-घर तक पानी पहुंचना ग्रामीण परिवारों के लिए केवल साफ पानी की उपलब्धता भर नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के जीवन-स्तर को ऊपर उठाने का बड़ा माध्यम भी है। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजमर्रा की उस भारी मशक्कत से पूरी तरह मुक्ति मिल रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन