धूं-धूं कर जला तेलीबांधा का हार्डवेयर स्टोर, जान बचाने दूसरी मंजिलों से कूदे लोग
OM Darpan
Jul 29, 2026 10:51 pm
1,024 views
29 Jul 2026
रायपुर। राजधानी के वीआईपी इलाके तेलीबांधा में शनिवार देर रात करीब 1 बजे भीषण अग्निकांड हुआ। ऑक्टोपस बार के पास स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने पास के ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। भारी बारिश के बावजूद आग बुझाने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका।
जान बचाने के लिए छतों से कूदे लोग
घटना के वक्त इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बार की ऊपरी मंजिल में कई लोग फंसे हुए थे, जो आग की लपटें देख अपनी जान बचाने के लिए दो से तीन छतों से कूदकर बाहर निकले। वहीं, पास के होटल में रुके मेहमानों को जैसे ही आग लगने की भनक लगी, वे बदहवास होकर बाहर की ओर भागे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी अपना कीमती सामान निकालने का मौका नहीं मिला।टीआई अजय झा बोले- हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग
तेलीबांधा टीआई अजय झा ने बताया कि आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से हुई थी। भीषण गर्मी और दुकान के सामान के कारण लपटें बेकाबू हो गईं। पास के ही भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सब कुछ खाक हो चुका था। हार्डवेयर दुकान के सामने खड़ी कई गाड़ियां भी इस आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम अब नुकसान का आकलन कर रही है, हालांकि आग लगने के पुख्ता कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।जरूरी खबरें
विज्ञापन