एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा, मरीजों और पेंशनरों को मिलेगी बड़ी राहत
OM Darpan

नई दिल्ली।
कोयला मंत्रालय के अधीन कार्यरत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए प्रशासनिक सेवाओं को पूरी तरह से हाई-टेक कर दिया है। 'विशेष अभियान 6' के तहत एसईसीएल ने अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) और पीपीओ-जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल लागू किया है। इन नई प्रणालियों से न सिर्फ कागजी काम लगभग खत्म हो जाएगा, बल्कि पारदर्शिता के साथ-साथ नागरिक-केंद्रित सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच भी बेहद आसान हो गई है।
मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड रहेगा ऑनलाइन
अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के लागू होने से एसईसीएल के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से सुव्यवस्थित हो गई हैं। अब मरीजों के पंजीकरण से लेकर चिकित्सा परामर्श, इलाज और दवाओं तक का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जा रहा है। इससे डॉक्टरों को मरीजों की पुरानी मेडिकल-हिस्ट्री आसानी से मिल सकेगी। साथ ही, मेडिकल खर्च के प्रतिपूर्ति दावों की ऑनलाइन-प्रोसेसिंग भी शुरू हो गई है। इस पूरे सिस्टम को 'अमृत फार्मेसी' और दवा प्रबंधन से भी जोड़ दिया गया है, जिससे अस्पताल के कामकाज में तेजी आई है और मरीजों को लंबी लाइनों से मुक्ति मिली है।
पेंशनरों को बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने से निजात
सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके जीवनसाथी को सबसे बड़ी राहत पीपीओ-जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल से मिली है। इस केंद्रीकृत पोर्टल के जरिए पेंशनभोगी अब घर बैठे अपना पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, अपना वार्षिक जीवन-प्रमाण पत्र भी अब डिजिटल रूप से जमा किया जा सकेगा। इससे कागजी दस्तावेजों और मैन्युअल-प्रक्रियाओं पर निर्भरता काफी हद तक कम हो गई है। कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक विशेष 'गवर्नेंस डैशबोर्ड' भी बनाया गया है, जिसके जरिए प्रबंधन इन सभी कार्यों की सीधी निगरानी कर रहा है।
विशेष अभियान से सुशासन पर जोर
गौरतलब है कि 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे 'विशेष अभियान 6' के तहत ये सभी बदलाव किए गए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, ई-कचरा प्रबंधन, जगह का बेहतर उपयोग और लंबित कार्यों का तेजी से निपटारा करना है। एसईसीएल की यह डिजिटल-पहल इसी अभियान का अहम हिस्सा है, जो पेपरलेस-प्रशासन को बढ़ावा देने के साथ ही सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन