ओमान के सलालाह से रवाना हुआ आईएनएस सुदर्शिनी, ‘लोकायन-2026’ यात्रा जारी
OM Darpan


सलालाह। भारतीय नौसेना का तीन मस्तूलों वाला पाल प्रशिक्षण पोत ‘आईएनएस सुदर्शिनी’ 14 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच ओमान के सलालाह में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद वहां से रवाना हो गया है। इसके साथ ही पोत ने अपनी ऐतिहासिक महासागरीय तैनाती, ‘लोकायन-2026’ को आगे बढ़ाया है। यह अहम यात्रा भारतीय नौसेना की समृद्ध समुद्री विरासत और नौसैनिक प्रशिक्षुओं में पेशेवर नाविक कौशल, दृढ़ता व नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
खेल और पेशेवर संवाद से मजबूत हुए मैत्री संबंध
बंदरगाह पर ठहराव के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर संवाद और खेलकूद संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों ने सौहार्द को बढ़ावा दिया तथा भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी के बीच मैत्री संबंधों को और अधिक मजबूत किया। इससे दोनों देशों के लोगों के बीच पारस्परिक संबंधों को भी बल मिला है।
अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारत का राजदूत
‘लोकायन-2026’ अब अपने दसवें महीने में प्रवेश कर चुका है। आईएनएस सुदर्शिनी की यह यात्रा भारतीय नौसेना की अन्वेषण भावना, पेशेवर उत्कृष्टता और समुद्री कूटनीति के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्रों से गुजरते हुए यह पोत भारत के राजदूत के रूप में सद्भावना और समुद्री साझेदारियों को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही, यह ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के सभ्यतागत लोकाचार को आगे बढ़ाते हुए ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रिजंस) के विज़न को साकार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन