सरगुजा पुलिस ने तीन आदतन बदमाशों को गुंडा सूची में किया दर्ज, अपराध पर सख्त कार्यवाही
OM Darpan
Nov 08, 2024 02:33 am
172 views
08 Nov 2024
[smartslider3 slider=6]
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
सरगुजा पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तीन आदतन बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए उन्हें गुंडा बदमाश की सूची में दर्ज कर लिया है। इनमें जय आदित्य तिवारी उर्फ अंश पंडित, अतुल ताम्रकार और संजीत पाल शामिल हैं। यह तीनों लगातार विभिन्न आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहे हैं और इनके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
थाना कोतवाली और थाना गांधीनगर के प्रतिवेदन पर पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा इन बदमाशों के नाम को गुंडा बदमाश की सूची में दर्ज करने का आदेश दिया गया। इस कार्यवाही का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना है।
थाना प्रभारी कोतवाली और थाना प्रभारी गांधीनगर ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष इन बदमाशों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। बदमाशों के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बावजूद, उनकी आपराधिक गतिविधियों में कोई कमी नहीं आई थी।
बदमाशों का आपराधिक इतिहास:
- जय आदित्य तिवारी उर्फ अंश पंडित: 19 वर्षीय जय आदित्य तिवारी, निवासी जरहागढ़, अम्बिकापुर, के खिलाफ मारपीट, बलवा, हत्या, आर्म्स एक्ट, और अपहरण से जुड़े कुल 21 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। वह वर्ष 2016 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसकी दुस्साहसी प्रवृत्ति के कारण क्षेत्र के लोग उससे भयभीत रहते हैं और उसके खिलाफ शिकायत करने से कतराते हैं।
- अतुल ताम्रकार: 20 वर्षीय अतुल ताम्रकार, निवासी केदारपुर, अम्बिकापुर, के खिलाफ मारपीट, बलवा, हत्या, लूट, अपहरण, और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 11 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। वह वर्ष 2019 से आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय है और उसकी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है।
- संजीत पाल: 38 वर्षीय संजीत पाल, निवासी सकालो बांधपारा, थाना गांधीनगर, अपने क्षेत्र में तलवार और देसी कट्टा लेकर लोगों को धमकाने, मारपीट करने, और शराब पीकर हंगामा करने में लिप्त है। उसके खिलाफ थाना गांधीनगर में कुल 5 आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन