-
किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में 25 हजार से ज्यादा टेस्ट हुए पूरे,
-
डिजिटल रिपोर्ट से मरीजों को मिली बड़ी राहत
✍️ विशेष संवाददाता
रायगढ़ | छत्तीसगढ़ सरकार की अटल आरोग्य लैब योजना रायगढ़ जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने में प्रभावी भूमिका निभा रही है। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब के माध्यम से मरीजों को विभिन्न प्रकार की चिकित्सा जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, बीते केवल 2 माह में ही 6 हजार 44 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है, जिसके अंतर्गत कुल 25 हजार 835 जांचें सफलतापूर्वक संपन्न की गई हैं।
निजी पैथोलॉजी पर घटी निर्भरता और बढ़ी बचत
किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय स्थित इस लैब में 134 प्रकार की विभिन्न चिकित्सा जांचों की सुविधा दी जा रही है। इस व्यवस्था से मरीजों की निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर निर्भरता कम हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ से बड़ी राहत मिली है। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह निःशुल्क सेवा स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को कम करने में काफी मददगार साबित हो रही है। इस योजना का उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक एवं विश्वसनीय जांच सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज से आने वाले मरीजों को जिले में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
डिजिटल रिपोर्ट से आसान हुई इलाज की राह
अटल आरोग्य लैब में न केवल जांच प्रक्रिया को आधुनिक बनाया गया है, बल्कि रिपोर्टिंग सिस्टम को भी सुविधाजनक किया गया है। अब जांच के बाद मरीजों को डिजिटल माध्यम से रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस डिजिटल व्यवस्था के चलते मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ती। साथ ही, चिकित्सकों को समय पर रिपोर्ट प्राप्त होने से उपचार की प्रक्रिया में भी तेजी आ रही है। एक ही स्थान पर जांच, समय पर रिपोर्ट और बेहतर उपचार की यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








