सेफ ड्राइविंग के महाकुंभ में CM साय की एंट्री, खुद बाइक चला कर दी नसीहत
OM Darpan
Nov 04, 2025 06:35 am
271 views
04 Nov 2025
रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रफ्तार, रोमांच और युवाओं के उत्साह का साक्षी बनेगा। रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की नई ऊर्जा, नवाचार भावना और युवा सामर्थ्य का प्रतीक होगा।
मुख्यमंत्री ने बाइक चलाकर दिया अनूठा संदेश
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को 'सेफ ड्राइविंग' का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने आगामी नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप 2025 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा है, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।'जीवन अनमोल है, सड़क पर रेसिंग बिलकुल न करें'
मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है इसीलिए दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहने और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर रेसिंग बिल्कुल ना करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल राज्य की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल गति से नहीं, बल्कि संयम और संकल्प से पहचाना जाए।जुनून बने रफ्तार, जोखिम नहीं
छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 का यह भव्य आयोजन न केवल रोमांचक मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग जैसे सामाजिक संदेश देने का भी माध्यम बनेगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”सुरक्षित ट्रैक पर उतरेंगे देश के शीर्ष राइडर्स
इस दो दिवसीय आयोजन की सबसे खास बात यह है कि रेसिंग सड़क पर नहीं, बल्कि विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर होगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित इस सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देश के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर एक नई और सम्मानजनक पहचान दिलाने जा रही है।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन