बिलासपुर।
पत्रकारिता बचाओ संकल्प यात्रा का कारवां रतनपुर पहुंचा, जहां बिलासपुर के अंतर्गत विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर पत्रकार हितों पर गंभीर चर्चा की। इस आयोजन में प्रेस क्लब भवन, पत्रकार विश्राम गृह, परिवार के लिए निःशुल्क शिक्षा, बीमा, निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, ब्लाक स्तरीय आवास, यात्रा में छूट, पेंशन, पत्रकारों के लिए आयोग का गठन, और झूठे मामलों में फंसाए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
रतनपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष और अन्य पत्रकारों ने एकजुटता का परिचय देते हुए “हम सब एक हैं” के नारों से माहौल को जोशीला बना दिया। इस एकता को देखकर स्पष्ट हो गया कि छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में पत्रकार संगठनों का मजबूत संगठित स्वरूप सामने आ रहा है। पत्रकारों ने यह संकल्प लिया कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे और नई मिसाल कायम करेंगे।
इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य सभी संगठनों के पत्रकारों से मिलकर उनकी स्थानीय समस्याओं से रूबरू होना और आपसी संवाद से समाधान निकालना है। इसका लक्ष्य पत्रकारों को उनके मूलभूत अधिकारों के प्रति सजग करना और उनकी मांगों को पूरा कराने के लिए संगठित प्रयास करना है।









