कवर्धा।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के सारंगढ़ गांव में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक घटना सामने आई है। बुधवार (6 अगस्त) की रात अज्ञात बदमाशों ने कबीर चबूतरा स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की और शिवलिंग को खंडित कर दिया। यह मामला भोरमदेव थाना क्षेत्र का है।

प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग खंडित
सुबह जब मंदिर के पुजारी और स्थानीय ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भगवान की मूर्ति मंदिर से बाहर पड़ी है और शिवलिंग दूर फेंका हुआ है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंदिर परिसर में हुई बर्बरता साफ दिख रही है। इस घटना से पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया है।
ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जबरदस्त विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ गांव के ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक स्थल पर हमला नहीं, बल्कि सीधे लोगों की आस्था पर चोट है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने बढ़ाया सुरक्षा घेरा, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है।
एक साल पहले भी तनाव में रहा था सारंगढ़
उल्लेखनीय है कि यह वही सारंगढ़ गांव है, जहां लगभग एक साल पहले भी दो समुदायों के बीच धार्मिक मामले को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। उस दौरान पुलिस के बड़े अधिकारियों को भी चोटें आई थीं। पुरानी घटना को देखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन अत्यधिक सतर्कता बरत रहा है।









