

रायपुर (सत्यानंद सोई) ।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, और चांद को देखकर व्रत तोड़ती हैं। इस बार रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद महिला कैदी भी इस परंपरा को निभाने के लिए तैयार हैं। जेल में पांच महिला कैदियों ने अपने पति के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखने की इच्छा जताई है। इन कैदियों के लिए विशेष पूजा की व्यवस्था की जाएगी ताकि वे चांद का दीदार कर सकें और व्रत तोड़ सकें।
जेल में व्रत तोड़ने की खास व्यवस्था
रायपुर सेंट्रल जेल के जेल अधीक्षक अमित शांडिल्य ने बताया कि पांच महिला बंदियों की करवा चौथ का व्रत रखने की इच्छा को ध्यान में रखते हुए सूची तैयार कर ली गई है। व्रत से संबंधित सभी आवश्यक वस्तुएं इन महिलाओं को उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि, इन महिला कैदियों को अपने पतियों का दीदार करने जैसी कोई विशेष सुविधा नहीं मिलेगी। जेल नियमों के तहत यह संभव नहीं हो पाएगा।
शांडिल्य ने कहा कि इन पांच महिलाओं को सभी नियमों की जानकारी दी जाएगी। जेल प्रशासन सुनिश्चित करेगा कि महिलाएं चांद देखकर अपना व्रत तोड़ सकें और इस हेतु विशेष प्रबंध किए जाएंगे। ये महिलाएं अपने घर में विवाह के बाद से हर साल करवा चौथ का व्रत रखती रही हैं, और इस बार जेल में रहते हुए भी वे इस परंपरा को निभाना चाहती हैं।
जेल में उनके व्रत को पूरा करने और पूजा के लिए सभी जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी रस्म पूरी कर सकें।





