-
112 लोगों को बना लर्निंग लाइसेंस
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
सड़क सुरक्षा माह 2025 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा 9वें दिन विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान “न्यू वे” संस्था के स्पेशल बच्चों ने यातायात नियमों पर अनोखी प्रस्तुति दी। बच्चों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की अपील करते हुए सड़क पर सतर्कता बरतने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सतानंद विध्यराज के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया। सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है।

स्पेशल बच्चों की अनोखी प्रस्तुति ने वाहन चालकों को किया जागरूक
नेहरू नगर स्थित यातायात कार्यालय में “न्यू वे” संस्था के बच्चों ने सड़क सुरक्षा पर अलग-अलग प्रस्तुति दी। मंच पर बच्चों ने यातायात नियमों से संबंधित तख्तियां हाथ में लेकर वाहन चालकों को संदेश दिया कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन न करना दुर्घटनाओं का कारण बनता है।
बच्चों ने खेल-खेल में ट्रैफिक सिग्नल का महत्व समझाया और बताया कि सिग्नल की अनदेखी करने से दुर्घटनाएं होती हैं। इस अवसर पर संस्था की संचालिका रंजनी सोनी ने कहा, “ये स्पेशल बच्चे जन्म से ही आम बच्चों से अलग हैं। हमारा उद्देश्य है कि इन बच्चों के माध्यम से वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।” कार्यक्रम में बच्चों के परिजन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों को इस प्रस्तुति के लिए तैयार किया।
लर्निंग लाइसेंस शिविर में 112 लोगों का तत्काल लाइसेंस बना
यातायात पुलिस दुर्ग और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एस.एल. लकड़ा के निर्देशन में उन वाहन चालकों के लिए लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिनके पास अब तक लाइसेंस नहीं था। इस शिविर में कुल 112 लोगों का लर्निंग लाइसेंस तत्काल जारी किया गया।
भारी वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण और निशुल्क चश्मा वितरण
यातायात पुलिस दुर्ग के गुरुद्वारा चौक, नेहरू नगर में भारी वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। नेत्र परीक्षण संस्था “राही” द्वारा 23 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई और जरूरतमंद चालकों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक का निर्देश और एएसपी का मार्गदर्शन
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने का निर्देश दिया है। एएसपी (यातायात) ऋचा मिश्रा और डीएसपी (यातायात) सतानंद विध्यराज के नेतृत्व में इस माह के दौरान कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।










