Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

भिलाई में निगम कमिश्नर का कड़ा एक्शन: सड़क घेरने वालों में मचा हड़कंप, शहर में बनेंगे ‘मियावाकी जंगल’ और नहरों को लेकर लिया ये बड़ा फैसला!

भिलाई निगम आयुक्त निरीक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

भिलाई में व्यवस्थाएं देखने निकले आयुक्त, सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल देख जतायी नाराजगी, तत्काल हटाने के निर्देश

भिलाईनगर |

नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-2 वैशाली नगर और कैलाश नगर क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर विकास कार्यों एवं शहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मियावाकी वृक्षारोपण, अतिक्रमण हटाने और मुख्य नहर के माध्यम से जल संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को सख्त व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इंदु आई.टी. के पीछे लगेगा ‘मियावाकी जंगल’

आयुक्त ने इंदु आई.टी. के पीछे निगम स्वामित्व के रिक्त भूखण्ड का अवलोकन किया। शासन की मंशा के अनुरूप यहाँ ‘मियावाकी पद्धति’ से सघन पौधारोपण की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्थल पर बोरवेल और फेंसिंग का कार्य भी संपन्न हो चुका है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस पद्धति से न केवल पर्यावरण हरा-भरा होगा, बल्कि शहर के वायु प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

शांति नगर में नई सड़क और कैलाश नगर में अतिक्रमण पर एक्शन

शांति नगर के स्थानीय निवासियों ने आयुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र में सुगम आवागमन हेतु नई सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर आयुक्त ने निवासियों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को प्रेषित किया जाएगा। वहीं, कैलाश नगर में निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे नागरिकों द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण और बिल्डिंग मटेरियल रखकर मार्ग अवरुद्ध करने की शिकायत सही पाई गई। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल बाधाएं हटाने के निर्देश दिए।

नहरों से भरे जाएंगे तालाब, सुधरेगा जलस्तर

जल संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आयुक्त ने एकता चौक, कैलाश नगर और कुरूद रोड किनारे स्थित मुख्य नहर का भी निरीक्षण किया। इस नहर के माध्यम से क्षेत्र के तालाबों को भरा जाएगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को निस्तारी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।

 इस सघन निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, उप अभियंता श्वेता महेश्वर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी एवं स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम का यह अभियान शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow