एसीबी ने पटवारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष को 12 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार
OM Darpan
Nov 28, 2024 11:21 am
218 views
28 Nov 2024
अंबिकापुर।
राजपुर तहसील अंतर्गत हल्का नंबर 17 ओकरा व पतरापारा के पटवारी पवन पांडेय को बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पवन पांडेय, जो कि राजपुर ब्लॉक पटवारी संघ के अध्यक्ष हैं, ने ग्रामीण से जमीन की फौती चढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत की रकम देने को लेकर ग्रामीण ने एसीबी अंबिकापुर से शिकायत की थी, जिसके बाद एसीबी ने एक योजना बनाकर पटवारी को रंगे हाथ पकड़ने की कार्रवाई की। बलरामपुर जिले के हल्का नंबर 17 ओकरा और पतरापारा क्षेत्र के पटवारी पवन पांडेय ने जमीन के काम के बदले रिश्वत लेने की आदत बना ली थी। अजय पावले नामक एक स्थानीय युवक ने पटवारी से फौती व नामांतरण चढ़ाने के बदले 12 हजार रुपए की मांग की शिकायत एसीबी से की थी।
एसीबी की टीम ने मामले की जांच शुरू की और कॉल रिकॉर्ड के माध्यम से इसे पुख्ता किया। फिर अजय पावले को केमिकल लगे 12 हजार रुपए दिए गए और बुधवार को अजय पावले उन पैसों के साथ पटवारी पवन पांडेय के पास पहुंचा। जैसे ही अजय पावले ने पटवारी को रिश्वत की रकम दी, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम पटवारी को राजपुर रेस्ट हाउस ले गई, जहां उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही एसीबी की टीम ने पटवारी के कार्यालय में रखे हल्का क्षेत्र के दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन