Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

धरसींवा में भाजपा कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत: सिर कटी लाश मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • 14 अगस्त की मारपीट से जुड़ा हो सकता है मामला, जेब से मिला सुसाइड नोट

धरसींवा/रायपुर (सत्यानंद सोई)।

राजधानी रायपुर के धरसींवा इलाके में बरबंदा रेलवे ट्रैक पर एक भाजपा कार्यकर्ता की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई, जिनकी जेब से बरामद सुसाइड नोट ने मामले को और भी पेचीदा बना दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और प्रारंभिक जांच के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

सूत्रों के अनुसार, 14 अगस्त को संतोष पटेल और उनके बेटे समीर पटेल के साथ मारपीट की एक घटना हुई थी, जिसे इस आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। समीर पटेल ने 17 अगस्त को इस मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें मोहल्ले के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। समीर के अनुसार, विवाद की शुरुआत उनके दोस्त के साथ बातचीत के दौरान हुई, जब स्थानीय निवासी जगन और अर्जुन ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया। इस दौरान, संतोष पटेल और अन्य परिवार के सदस्यों को भी चोटें आईं थीं।

विधानसभा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि संतोष पटेल की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त की घटना पर पुलिस ने समय पर उचित कार्रवाई की थी। हालांकि, अब इस बात की जांच हो रही है कि क्या संतोष पटेल पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे।

घटना के बाद भाजपा के विधानसभा मंडल अध्यक्ष भारत सोनी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस मामले में गृहमंत्री से मिलकर संतोष पटेल को आत्महत्या की नौबत आने के कारणों की चर्चा करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से न्याय की मांग की है।

उधर, धरसींवा में संतोष पटेल की मौत के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने मृतक के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow

Leave a Comment