Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024: भिलाई नगर निगम का महाअभियान, आयुक्त ने संभाली कमान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

(रवि कुमार भास्कर)

भिलाईनगर।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 को लेकर नगर निगम भिलाई ने पूरी ताकत झोंक दी है। नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय स्वयं हर दिन विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ जोन आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, अभियंता, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, वार्ड सुपरवाइजर समेत पूरी टीम मुस्तैदी से कार्य कर रही है।

शुरुआत में आयुक्त पूर्व सूचना देकर निरीक्षण करते थे, लेकिन अब वे किसी भी जोन या वार्ड में अचानक पहुंचकर सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को बुलाकर जवाबदेही तय की जा रही है। लापरवाही पाए जाने पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

नागरिकों का फीडबैक रहेगा अहम

स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्हें ऑनलाइन फीडबैक लिंक के माध्यम से अपनी राय देनी होगी। नगर निगम का फोकस घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पुनः उपयोग, गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण, सीएनडी वेस्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई जैसे पहलुओं पर है। प्रमुख बाजारों में समयबद्ध कचरा उठाव, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता, उद्यान व तालाबों की सफाई को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

भिलाई को नंबर 1 बनाने की अपील

वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन और महापौर नीरज पाल ने नागरिकों से अपील की है कि इंदौर की तरह भिलाई को भी स्वच्छता में अग्रणी बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि इंदौर की सफलता का कारण वहां के नागरिकों का सक्रिय योगदान है। वहां लोग कचरा इधर-उधर नहीं फेंकते, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करते हैं। भिलाई के नागरिक भी ऐसा करके शहर को स्वच्छ व सुंदर बना सकते हैं।

नगर निगम की टीम मुस्तैद

नगर निगम ने जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, येशा लहरे, सतीश यादव, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक व्ही. के. सेमुवल, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, अनिल मिश्रा, बीरेन्द्र बंजारे, हेमंत मांझी, सागर दुबे और जोन स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी से कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी है। निगम ने निर्देश दिया है कि उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग कर सफाई कार्यों को और बेहतर बनाया जाए।

नगर निगम का लक्ष्य है कि पिछले रैंकिंग से सुधार करते हुए स्वच्छता के नए मानदंड स्थापित किए जाएं और भिलाई को स्वच्छ शहरों की सूची में ऊंचा स्थान मिले।

news paper editing
previous arrow
next arrow