अहिवारा (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सुशासन तिहार कार्यक्रम का आयोजन ग्राम गोढ़ी (अहिवारा विधानसभा क्षेत्र) स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा और छत्तीसगढ़ शासन के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर अभिजीत सिंह के नेतृत्व में किया गया।

पिछली शिकायतों पर कार्यवाही और नई समस्याओं का पंजीकरण
यह सुशासन तिहार कार्यक्रम का तीसरा चरण था। इससे पूर्व आयोजित प्रथम और द्वितीय चरणों में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्यवाही की जानकारी आम जनता को दी गई। साथ ही इस चरण में भी नये आवेदन और समस्याएं दर्ज की गईं।
शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित तरीके से पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति ने बढ़ाया विश्वास
कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग सरस्वती बंजारे, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, जिला पंचायत विधायक प्रतिनिधि प्रेम सागर, पूर्व पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार, मुरमुंदा मंडल अध्यक्ष कुमन साहू, अहिवारा मंडल अध्यक्ष राम जी निर्मलकर, जनपद पंचायत सदस्य नागेश साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे, एसडीएम महेश राजपूत और तहसीलदार राधेश्याम वर्मा सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
योजनाओं को लेकर निर्देश और किसानों की समस्याओं पर फोकस
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की योजनाओं जैसे– राशन कार्ड, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना, कृषि योजनाएं आदि का लाभ पात्र नागरिकों को बिना किसी बाधा के शीघ्र दिलाया जाए।
इसके साथ ही केंद्र और राज्य शासन की जनहितकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
गेल इंडिया पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं पर विधायक की सख्त प्रतिक्रिया
इस अवसर पर डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने क्षेत्र के किसानों द्वारा उठाई गई गेल इंडिया पाइपलाइन से हो रही समस्याओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की भूमि और फसल से जुड़ी समस्याओं का समाधान त्वरित और नियमानुसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को भी किसानों के हित में सजगता से कार्य करने का स्पष्ट संदेश दिया।
जनविश्वास की मजबूत होती नींव
सुशासन तिहार न केवल जनसंवाद का सशक्त मंच बना, बल्कि शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
ग्रामीणों की सहभागिता और उत्साह से यह स्पष्ट होता है कि छत्तीसगढ़ शासन की नीतियों पर जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।









