विश्रामपुर:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ओएसडी (Officer on Special Duty) रवि मिश्रा के सूरजपुर स्थित विश्रामपुर के सुने मकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोर उनके घर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, चांदी के 11 सिक्के और लगभग 40 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। घटना उस समय हुई जब ओएसडी रवि मिश्रा के माता-पिता दो दिन के लिए रायपुर गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटा रही है। यह पूरा मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र के 2ए कॉलोनी का है।
सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के विश्रामपुर ऑफिसर कॉलोनी में जीएम बंगले के पीछे स्थित डबल स्टोरी मकान में ओएसडी रवि मिश्रा पहले रहा करते थे। कुछ समय से वे रायपुर में रहने लगे हैं। उनके इस मकान में उनके माता-पिता निवास करते थे। दो दिन पूर्व उनके माता-पिता घर में ताला लगाकर रायपुर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
अलमारी व दीवान पलंग तोड़कर की चोरी
घर में घुसने के बाद चोरों ने अंदर अलमारी और दीवान पलंग को तोड़ डाला। इसी तोड़फोड़ के दौरान उन्होंने चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, 11 चांदी के सिक्के और लगभग 40 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूरजपुर के एसडीओपी (Sub-Divisional Officer of Police) अभिषेक पैकरा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सूने मकान में चोरी की वारदात हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द चोरों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।









