रायपुर।
राजधानी के कबीर नगर इलाके में हुए 7 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली गई है।
पीड़ित ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, अभिषेक शुक्ला नामक व्यक्ति ने थाना कबीर नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह राईस एण्ड साईन स्कूल के बाजू कबीर नगर रायपुर में रहता है। उन्होंने बताया कि 29 जून 2025 को वे अपनी पत्नी के साथ ससुराल अम्लेश्वर, जिला दुर्ग गए थे। 10 जुलाई 2025 की सुबह उनके पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। वापस आकर देखने पर उन्होंने पाया कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर कमरों में रखी अलमारी का ताला भी टूटा था। अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दिए थे त्वरित कार्रवाई के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक अमन कुमार झा (भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना प्रभारी कबीर नगर को तत्काल अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। टीम के सदस्यों ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को भी सक्रिय किया। तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ चोरी के पुराने आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
इसी दौरान, अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी टीम को घटना में शामिल गुढ़ियारी निवासी लल्ला उर्फ आकाश बंदे के बारे में अहम जानकारी मिली। लल्ला पहले भी हत्या के प्रयास सहित कई मामलों में जेल जा चुका है। सूचना मिलते ही टीम ने लल्ला उर्फ आकाश बंदे की तलाश कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में खुले राज, साथी भी गिरफ्तार
प्राप्त सबूतों के आधार पर जब लल्ला उर्फ आकाश बंदे से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथी सोहेल वर्मा और एक नाबालिग लड़के के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सोहेल वर्मा और विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी धर दबोचा।
चोरी का माल बरामद, कुल 7.5 लाख की जब्ती
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सोने के जेवरात (लगभग 59 ग्राम), चांदी के जेवरात (लगभग 01 किलोग्राम), नगदी 7,500 रुपये, एक हाथ घड़ी और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक सी जी/04/पी एन/8497) बरामद की। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 7,50,000 रुपये है। तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी पर कई अन्य मामले भी दर्ज
आरोपी लल्ला उर्फ आकाश बंदे पहले भी थाना गुढ़ियारी से हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा, उसके खिलाफ थाना खमतराई और डी.डी.नगर में चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें वह फरार चल रहा था। साथ ही, जिला बेमेतरा के थाना साजा में दर्ज धारा 376 भादवि और पास्को एक्ट के मामले में भी वह वांछित था। पुलिस इन मामलों में भी आरोपी लल्ला उर्फ आकाश बंदे को गिरफ्तार करेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
- लल्ला उर्फ आकाश बंदे उर्फ अनमोल पिता चैतूराम बंदे, उम्र 24 साल, निवासी कुकरी तालाब शिव मंदिर के पास गुढ़ियारी रायपुर, हाल पता प्रीतम नगर शमशान घाट के सामने गुढ़ियारी रायपुर।
- सोहेल वर्मा जंघेल पिता अशोक वर्मा, उम्र 19 साल, निवासी शिव मंदिर के पास प्रेम नगर गुढ़ियारी रायपुर।
- विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।









