नदी किनारे छेड़छाड़ की घटना से उपजा हत्याकांड
जशपुर।
जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नदी किनारे एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में तीन युवकों ने एक अज्ञात व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
दिनांक 06.06.25 को थाना सन्ना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक गांव के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गहरे चोट के निशान थे।
मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि शव की स्थिति अत्यंत संदेहास्पद थी। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका व्यक्त की गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि मृत्यु शरीर पर लगी चोटों की वजह से हुई है। इस आधार पर थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
अज्ञात मृतक की नहीं मिली पहचान, पुलिस ने किया अंतिम संस्कार
मृतक की पहचान के प्रयास किए गए लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः पुलिस ने अज्ञात मृतक का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया।
मुखबिर की सूचना ने खोली घटना की परतें
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सूचना प्राप्त हुई। मुखबिर ने बताया कि घटना वाले दिन गांव के जीवनधर राम और दो नाबालिग बालकों का मृतक व्यक्ति से विवाद हुआ था। जब पुलिस ने इस दिशा में जांच की, तो सामने आया कि तीनों ने मृतक से मारपीट की थी।
छेड़छाड़ से शुरू हुआ विवाद, हत्या में बदला
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शाम लगभग 7 बजे वे नदी में मछली पकड़ रहे थे, तभी एक 30-32 वर्षीय व्यक्ति वहां आया और नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर उसे जमीन पर पटक दिया। लड़की को बचाने के लिए जीवनधर राम (उम्र 19 वर्ष) और दो विधि से संघर्षरत बालकों ने उस व्यक्ति को डंडे व हाथ-पैर से पीटा और उसके हाथ-पैर बांधकर गांव में छोड़ दिया। रात लगभग 11 बजे वह व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला और उसकी मृत्यु हो गई।
सबूतों के आधार पर की गई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त डंडा और रस्सी जब्त की। पर्याप्त सबूत मिलने पर जीवनधर राम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया और दो विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ की सराहना
इस मामले की विवेचना और गिरफ्तारी में थाना सन्ना प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक विजय खूंटे, आरक्षक प्रवीण खलखो, संतोष प्रजापति, अभय चौबे और महिला आरक्षक नीलम पैंकरा ने सराहनीय भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना सन्ना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है और तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।






