



महासमुंद में विश्व आदिवासी दिवस पर निकाली गई शोभा यात्रा में भाजपा नेता ने किया आदिवासी समाज का सम्मान
महासमुंद।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर महासमुंद में एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के आदिवासी समुदायों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रदर्शन किया। इस शोभा यात्रा में विशेष रूप से आमंत्रित भाजपा के किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई और आदिवासी समाज के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा प्रकट की।
तुषार साहू ने अपने संबोधन में कहा, “आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति के सच्चे संरक्षक के रूप में पहचाने जाते हैं। आपकी सभ्यता और संस्कृति ने हमारी स्वर्णिम धरोहर को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आदिवासी समाज की जीवनशैली और प्रकृति के प्रति उनकी अटूट निष्ठा हमें सिखाती है कि हमें भी पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन के लिए तत्पर रहना चाहिए।”


उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार आदिवासी समाज के उत्थान और उनकी परंपराओं को संरक्षित करने के लिए कृतसंकल्पित है। “हमारी सरकार ने हमेशा आदिवासियों के अधिकारों और उनकी समृद्ध संस्कृति को प्राथमिकता दी है। हम सुनिश्चित करेंगे कि आदिवासी समाज की हर जरूरत को पूरा किया जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए।”
तुषार साहू ने शोभा यात्रा में शामिल आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी संस्कृति और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
शोभा यात्रा के दौरान, आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए, और उनके नृत्य और संगीत ने इस आयोजन को जीवंत बना दिया। तुषार साहू के इस कार्यक्रम में शामिल होने से आदिवासी समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और स्नेह स्पष्ट दिखाई दिया।







