जशपुर।
जशपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पशु तस्करी के कुख्यात आरोपी इमरान खान और विजय भगत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर लंबे समय से पशु तस्करी के मामलों में गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इन आरोपियों की गिरफ्तारी ऑपरेशन शंखनाद के तहत हुई, जो जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा एक बड़ा अभियान है। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

फिल्मी अंदाज में पीछा, 30 किलोमीटर तक पुलिस को चकमा देकर भागा था इमरान
गौरतलब है कि दो दिन पहले पशु तस्कर इमरान खान ने पुलिस को चकमा देते हुए करीब 30 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद भागने में कामयाबी हासिल कर ली थी। यह घटना 06 जनवरी 2025 की है, जब जशपुर के दुलदुला थाना क्षेत्र में पुलिस को पशु तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लोरो घाट में नाकाबंदी की गई। जैसे ही तस्कर नाकाबंदी स्थल पर पहुंचे, उन्होंने बैरिकेड्स देखकर पिकअप वाहन को उल्टी दिशा में घुमाया और ग्राम काटासारु की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा किया। आरोपी वाहन को तेज रफ्तार में भगाते हुए झारखंड सीमा के पास काटासारु गांव पहुंच गए, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने मौके पर वाहन से 12 नग गौवंश को सुरक्षित बरामद किया।
इमरान खान गिरफ्तार, आदतन अपराधी है इमरान
जशपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान खान पिता मुस्तकीम खान (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम केराडीह बरटोली, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि इमरान खान आदतन अपराधी है। उस पर थाना लोदाम में दो पशु तस्करी के मामले और थाना नारायणपुर में एक चोरी और एक पशु तस्करी का मामला दर्ज है। इन मामलों में पहले भी इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
दूसरा आरोपी विजय भगत भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
जशपुर पुलिस ने एक अन्य आरोपी विजय भगत पिता स्वर्गीय नानहु राम (उम्र 44 वर्ष), निवासी डड़गांव चौकी मनोरा को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मनौरा चौकी पुलिस द्वारा की गई।
यह आरोपी 15 दिसंबर 2024 को अपने दो-तीन साथियों के साथ 10 गौवंश को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते गोविंदपुर झारखंड की ओर ले जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने केसरा प्राथमिक शाला के पास रेड कार्रवाई की थी। मौके पर फिरदियूस तिर्की नामक एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 07 जनवरी 2025 को विजय भगत को गिरफ्तार कर लिया। विजय भगत को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
ऑपरेशन शंखनाद: अब तक 710 से अधिक गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त
जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत अब तक 710 से अधिक गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा,
“ऑपरेशन शंखनाद के तहत पशु तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।”










