



जशपुर।
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ के जशपुर में बुधवार को “माटी के वीर पदयात्रा” का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर मांडविया ने देश की आजादी और कोरोना महामारी के दौरान युवाओं की भूमिका की सराहना की और युवाओं को विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष से प्रेरणा लेने की बात कही, जिन्होंने मातृभूमि के लिए संघर्ष करते हुए 25 वर्ष की आयु में अपने प्राणों की आहुति दी।
कार्यक्रम में, मांडविया ने जशपुर में सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। यह घोषणा मुख्यमंत्री साय के आग्रह पर की गई, ताकि जनजातीय युवाओं को खेल और अन्य गतिविधियों में प्रोत्साहन मिल सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पदयात्रा के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा, “जब भी हमारी संस्कृति पर खतरा आया है, जनजातीय समाज ने इसका दृढ़ता से प्रतिकार किया है। जनजातीय संस्कृति का संरक्षण और सम्मान करना ही हमारे समाज का गौरव है।” उन्होंने जनजातीय समुदाय की संस्कृति को प्रेम, शांति और सौहार्द्र की संस्कृति बताते हुए इसे सनातन संस्कृति का मूल बताया।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य में जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन अभियान के तहत चल रही योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” की सरकार ने राज्य के जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए विस्तृत योजनाएं बनाई हैं, जिनमें एकलव्य विद्यालय, वन-धन योजना, और आयुष्मान भारत योजना जैसी पहलें शामिल हैं।
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित एक वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा, खेलकूद और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनजातीय युवाओं तथा “माई भारत” से जुड़े वॉलेंटियर्स को सम्मानित किया गया। मुंडा समाज के अध्यक्ष शंकर राम बारला ने भी सभा को संबोधित किया।
इस आयोजन में जनजातीय नायकों के जीवन गाथाओं और जनजातीय संस्कृति पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री और जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद राधेश्याम राठिया और चिंतामणी महराज, विधायक गोमती साय, रायमुनि भगत, राम कुमार टोप्पो, सुशांत शुक्ला, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियम्बदा सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और रणविजय सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवा व नागरिक उपस्थित थे।





