Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रामोजी फिल्म सिटी, हैदराबाद में प्रथम रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार 2025 समारोह में हुए शामिल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • प्रथम रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार 2025 समारोह हैदराबाद में आयोजित

  • सात विभूतियों को किया गया सम्मानित

हैदराबाद।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित प्रथम रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार 2025 समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। यह समारोह रामोजी समूह के स्थापना दिवस और इसके संस्थापक रामोजी राव की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने सात विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

इन्हें मिला सम्मान

  • ग्रामीण विकास: अमला अशोक रुइया

  • युवा आइकन: श्रीकांत बोल्ला

  • विज्ञान-प्रौद्योगिकी: माधवी लता गली

  • मानवता की सेवा: आकाश टंडन

  • कला-संस्कृति: सथुपति प्रसन्ना श्री

  • पत्रकारिता: जयदीप हार्डिकर

  • महिला उपलब्धि: पल्लबी घोष

‘रामोजी राव दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता थे’

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि रामोजी राव एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने विचारों को संस्थाओं और सपनों को सच्चाई में बदल दिया। उन्होंने कहा कि राव न केवल मीडिया और संचार में अग्रणी थे, बल्कि एक राष्ट्र निर्माता भी थे।

उन्होंने ईनाडु, रामोजी फिल्म सिटी और ईटीवी नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि रामोजी राव के कार्यों ने भारतीय पत्रकारिता, मनोरंजन और उद्यमिता में क्रांति ला दी। उपराष्ट्रपति ने कहा कि सत्य, नैतिकता और उत्कृष्टता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

‘सत्य और निष्पक्षता मीडिया का आधार हो’

मीडिया की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाने वाला प्रेस, एक जागरूक नागरिक वर्ग को बनाए रखने में केंद्रीय भूमिका निभाता है। उन्होंने सूचना की अधिकता और गलत सूचनाओं से भरे इस युग में नैतिक और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर जोर दिया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश प्रधानमंत्री के “विकसित भारत @ 2047” के विज़न की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में मीडिया संगठनों को नवाचार, स्टार्ट-अप, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण परिवर्तन की कहानियों को उजागर करके राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्य और निष्पक्षता मीडिया संस्थानों का आधार बने रहना चाहिए।

राधाकृष्णन ने नशा मुक्त भारत बनाने और एआई के इस युग में नागरिकों को असली-नकली समाचारों के बीच अंतर करने में मदद करने में भी मीडिया की प्रमुख भूमिका पर बल दिया।

समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्DY, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी व किंजरापु राममोहन नायडू, पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमना और रामोजी समूह के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक चौधरी किरण सहित कई फिल्मी हस्तियां और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow