

सड़कें बनीं कीचड़ का दलदल, रायगढ़ के ग्रामीणों ने सरपंच के खिलाफ खोला मोर्चा
रायगढ़ (कौशल संदुजा)।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। गहनाझरिया गांव के सूकवास मोहल्ला के निवासियों ने कीचड़ भरी सड़कों पर धान रोपते हुए प्रशासन की उदासीनता पर अपना गुस्सा जाहिर किया।


लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव के लोग वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतें कई बार की गईं, लेकिन प्रशासन से केवल आश्वासन ही मिला, समाधान नहीं।
ग्रामीणों ने बताया कि सुकवासी पारा से सुकवास तक का मार्ग पिछले कई सालों से मरम्मत का इंतजार कर रहा है। स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग खासा चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है, जहां उनके कपड़े और जूते कीचड़ में सने रहते हैं। स्थिति से आजिज आकर और प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर, ग्रामीणों ने सड़कों पर धान रोपते हुए अपना विरोध प्रकट किया।





