दुर्ग।
जिले के सेलूद धान संग्रहण केंद्र में अव्यवस्था के चलते धान उठाव और जमा करने का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। केंद्र में धान के स्टेक (Stack) लगाने के लिए आवश्यक भूसा (फड़ी) उपलब्ध न होने के कारण गाड़ियां खाली नहीं हो पा रही हैं। इससे नाराज हमाल संघ ने दुर्ग जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की है।
रोजाना 100 गाड़ियों की क्षमता, खाली हो रहीं सिर्फ 30
हमाल संघ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वे पिछले 20 वर्षों से सेलूद संग्रहण केंद्र में धान खाली करने और स्टेक लगाने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में यहां लगभग 200 हमाल कार्यरत हैं। संघ का कहना है कि उनकी कार्यक्षमता प्रतिदिन 100 गाड़ियां खाली करने की है, लेकिन भूसे की कमी के कारण स्टेक नहीं बन पा रहे हैं। इस वजह से दिनभर में केवल 30 से 35 गाड़ियां ही खाली हो पा रही हैं। काम की गति धीमी होने से हमाल मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
डीएमओ (DMO) पर अनदेखी का आरोप
हमाल संघ ने बताया कि इस समस्या से कई बार डी.एम.ओ. दुर्ग को अवगत कराया गया है, लेकिन विभाग द्वारा इस पर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। अधिकारियों की उदासीनता के चलते काम बंद होने की कगार पर है। इसी को देखते हुए हमाल संघ ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कार्यवाही करने का निवेदन किया है, ताकि सुचारू रूप से काम चल सके और मजदूरों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।











